रांची में आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडाल से विसर्जन तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

Spread the love

रांची। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित कर गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।


बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, पूजा पंडालों के निर्माण और विसर्जन व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


पंडाल निर्माण में सुरक्षा मानकों का करना होगा पालन
उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को पंडाल निर्माण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। पंडाल में श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह रखने के साथ-साथ आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अग्निशमन विभाग को प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा उपकरण, विद्युत वायरिंग, प्रवेश और निकास मार्ग तथा आपातकालीन निकासी व्यवस्था की जांच करने का निर्देश दिया गया।


बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर के पास नहीं बनेगा पंडाल
प्रशासन ने विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर अथवा अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल या तोरण द्वार का निर्माण नहीं करने को कहा गया है।


पूजा पंडालों में नंगे तारों का इस्तेमाल नहीं करने और खुले अथवा असुरक्षित विद्युत तारों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। बिजली विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।


विसर्जन के दौरान वाहनों की होगी जांच
विसर्जन व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। पूजा समितियों को संबंधित थाना और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय कर निर्धारित विसर्जन रूट का ही इस्तेमाल करने को कहा गया है।


विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की एमवीआई जांच, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और नो-एल्कोहोल टेस्ट के बाद ही वाहन के इस्तेमाल का निर्देश दिया गया है। पूजा समितियों से इस संबंध में आवश्यक अंडरटेकिंग लेने को भी कहा गया है।

करम पर्व और छठ घाटों पर विशेष तैयारी
करम पर्व को देखते हुए तालाबों और पूजा स्थलों का पूर्व निरीक्षण करने, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित आवागमन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निगम को दिया गया है। जरूरत के अनुसार क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
वहीं, छठ पर्व को लेकर सभी प्रमुख तालाबों और छठ घाटों की समय पर साफ-सफाई कराने के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ प्रबंधन की तैयारी करने का निर्देश दिया गया।


दीपावली में पटाखों और खाद्य पदार्थों पर रहेगी नजर
दीपावली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार पटाखों की बिक्री और उपयोग पर निगरानी रखने तथा प्रतिबंधित या असुरक्षित पटाखों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।


इसके अलावा दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नियमित जांच और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
पूजा समितियों में युवाओं की भागीदारी पर जोर
उपायुक्त ने पूजा समितियों से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की अपील की। प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए बनाए गए व्हाट्सऐप ग्रुप में संबंधित अधिकारी और समिति के सदस्य सक्रिय रहें तथा महत्वपूर्ण सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुनिश्चित करें।


नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असुरक्षित पंडाल निर्माण, विद्युत सुरक्षा में लापरवाही, अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की है।

Leave a Reply