69वें कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री कॉन्फ्रेंस में शामिल होने दक्षिण अफ्रीका रवाना हुई झारखंड विधानसभा की 3 सदस्यीय टीम

Spread the love

रांची/दक्षिण अफ्रीका। दक्षिण अफ्रीका की राजधानी केप टाउन में आगामी 14 सितंबर से आयोजित होने वाले 69वें कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए झारखंड विधानसभा की तीन सदस्यीय टीम रवाना हो गई है। टीम का नेतृत्व झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो कर रहे हैं।


इस प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा सदस्य मथुरा प्रसाद महतो और विधायक दशरथ गागराई भी शामिल हैं। कॉमनवेल्थ देशों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों की भागीदारी वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य संसदीय लोकतंत्र को और मजबूत करना तथा विभिन्न देशों की संसदीय व्यवस्थाओं एवं विधायी प्रक्रियाओं के अनुभवों को साझा करना है।
सम्मेलन के दौरान राष्ट्रमंडल देशों के बीच संसदीय व्यवस्था, विधायी कार्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और जनप्रतिनिधियों की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा एवं विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। झारखंड विधानसभा का प्रतिनिधिमंडल भी इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य की संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक अनुभवों को साझा करेगा।


दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले स्विट्जरलैंड में भ्रमण
दक्षिण अफ्रीका दौरे के पहले झारखंड विधानसभा के प्रतिनिधिमंडल ने स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में भी समय बिताया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लाउटरब्रूनन (Lauterbrunnen) और वहां स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टॉबबैक जलप्रपात (Staubbach Falls) का भ्रमण किया।


लाउटरब्रूनन अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ऊंचे-ऊंचे झरनों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। इसे “72 झरनों की घाटी” के नाम से भी जाना जाता है। यहां स्थित स्टॉबबैक जलप्रपात इस क्षेत्र के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है।


अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के साथ-साथ प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे को विभिन्न देशों की व्यवस्थाओं और संस्कृति को करीब से समझने के अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से झारखंड विधानसभा के जनप्रतिनिधि राष्ट्रमंडल देशों के अन्य चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ संसदीय लोकतंत्र और विधायी कार्यों से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।

Leave a Reply