
रांची: झारखंड में विद्यार्थियों के नवाचार और नए विचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रांची स्थित बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT) मेसरा के सभागार में जनकल्याण एवं वन विकास संस्थान के सहयोग से SBI यूथ आइडियाथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से 250 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को अपने नए विचारों को साझा करने, स्टार्टअप की संभावनाओं को समझने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, वरिष्ठ शिक्षाविद्, स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य और कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ BIT मेसरा के डीन पोद्दार, सरला बिरला के डीन संदीप कुमार, थिंक स्टार्टअप के निदेशक संजीव शिवेश, डॉ. आरिफ हबीब और जनकल्याण एवं वन विकास संस्थान के संस्थापक सचिव विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में थिंक स्टार्टअप दिल्ली के डॉ. आरिफ हबीब और संजीव शिवेश के साथ रांची के पूर्व आबकारी आयुक्त डॉ. निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव एवं हिमकर श्याम ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप से जुड़े अपने अनुभव और विचार साझा किए। वहीं, झारखंड स्टार्टअप की ओर से पहुंचे डी.एस. वर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि बेहतर और उपयोगी आइडिया सामने आने पर स्टार्टअप की ओर से फंडिंग उपलब्ध कराने की दिशा में भी सहयोग किया जा सकता है।
मौके पर संस्थान के संस्थापक सचिव विशाल कुमार ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा और नए विचारों की कोई कमी नहीं है। जरूरत है युवाओं को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराने की, जहां वे अपने विचारों को साझा कर सकें और उन्हें वास्तविक समाधान में बदलने की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के विचारों को विकसित करने और उन्हें नवाचार एवं स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ सवाल-जवाब का विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं की समस्याओं और उनके विचारों को गंभीरता से सुना गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनके सवालों के जवाब दिए और स्टार्टअप एवं इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा, साहित्य, मीडिया और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया गया। साहित्य के क्षेत्र में रांची की जानी-मानी साहित्यकार ममता मनीष सिन्हा को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, मीडिया के क्षेत्र में ऋतुराज वर्षा को मोमेंटो और पुष्पगुच्छ प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रो. चित्रा शर्मा, इंद्रजीत यादव, प्रेमलता (जमशेदपुर), एस्ट्रोलॉजर अर्चित (जमशेदपुर), अभिजीत राज और आकाश कुमार सहित अन्य लोगों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में व्यवस्थापक सदस्यों निम्मी गुप्ता, जाहिदा हबीब और सचिन कुमार सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में संस्थान के सचिव विशाल कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।