
रांची, 29 सितंबर 2026: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) झारखंड प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने की, जबकि मंच संचालन पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू ने किया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान MMDR बिल, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्षों ने इन विषयों पर अपनी आपत्तियां जाहिर करते हुए कहा कि इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच गंभीर चिंताएं हैं।

बैठक में संगठन को पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों और राज्य के जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को संगठन के विस्तार और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जरूरत पड़ने पर MMDR बिल, SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और लोकतांत्रिक एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक सुरेश पासवान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, पूर्व मंत्री सह प्रधान महासचिव सत्यानंद भोक्ता, चतरा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरधारी गोप, श्याम दास सिंह, अनीता यादव, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू सहित सभी जिलों के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में प्रदेश नेतृत्व ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
