
रांची: झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी शामिल हुए।

बैठक में 6 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र की तैयारियों और सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं तथा संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन के लिए सकारात्मक सहयोग देने की अपील की गई।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का षष्ठम (मॉनसून) सत्र 6 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा, जिसमें राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है।





