
रांची: राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच निर्माण, स्टॉल व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव की सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आयोजन राज्य की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य और सुव्यवस्थित हो।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि महोत्सव में आने वाले आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था को समय पर पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, TRI निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आदिवासी महोत्सव 2026 के माध्यम से झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक कला, परंपराओं और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह आयोजन भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
