झारखंड नियुक्ति घोटाले में CBI जांच की मांग, सुप्रीम कोर्ट में 24 अगस्त को सुनवाई

Spread the love

रांची: झारखंड में नियुक्तियों में कथित गड़बड़ी को लेकर सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 24 अगस्त को सुनवाई होगी। यह याचिका हरिशरण देवगन की ओर से दायर की गई है। मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ करेगी।


याचिका में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC), CBI और CID को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने JPSC और JSSC के माध्यम से हुई नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।

याचिका में दावा किया गया है कि दोनों आयोगों के माध्यम से हुई नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं। इसी मामले में राज्य CID की जांच के बाद सरकार ने 22 नियुक्तियों को रद्द किया है, जबकि छह नियुक्तियों की प्रक्रिया पर रोक लगाई गई है। वहीं 17 नियुक्तियों को जांच के दायरे में रखा गया है।


CID की जांच के दौरान JPSC के तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते की गिरफ्तारी भी हुई है। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया को शुरू से अंतिम रूप देने में शामिल एजेंसी TDPL के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।


अब सभी की नजरें 24 अगस्त को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं। सुनवाई के दौरान नियुक्ति घोटाले की सीबीआई जांच की मांग पर अदालत का रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply