
क्रिकेट प्रेमियों के लिए झारखंड से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी MS Dhoni के शहर रांची में पहली बार आयोजित होने जा रही झारखंड टी20 लीग का भव्य ट्रॉफी लॉन्च समारोह बृहस्पतिवार को आयोजित किया गया। राजधानी रांची स्थित Radisson Blu Hotel Ranchi में हुए इस कार्यक्रम में खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं।
इस खास मौके पर भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज Ishan Kishan, पूर्व क्रिकेटर Saurabh Tiwary और अनुभवी स्पिनर Shahbaz Nadeem ने ट्रॉफी लॉन्च कर लीग की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में JSCA अध्यक्ष Ajay Nath Shahdeo, उपाध्यक्ष Sanjay Pandey समेत कई पदाधिकारी और खेल जगत से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सभी वक्ताओं ने झारखंड टी20 लीग को राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बताया। उनका कहना था कि इस लीग के जरिए राज्य के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा और आने वाले समय में झारखंड से कई नए क्रिकेट सितारे उभरकर सामने आएंगे।
जानकारी के अनुसार झारखंड टी20 लीग जून के पहले सप्ताह से शुरू होगी और लगातार 14 दिनों तक चलेगी। इस दौरान कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें राज्य की 6 टीमें हिस्सा लेंगी। लीग में शामिल टीमों के नाम हैं —

रांची कैपिटल
जमशेदपुर स्टीलर्स
धनबाद कोल किंग
संथाल स्ट्राइकर्स
कोल्हान टाइगर्स
बोकारो पावर हाउस
बताया जा रहा है कि प्रत्येक फ्रेंचाइजी को लगभग 20 खिलाड़ियों को खरीदने का मौका मिलेगा और हर टीम के लिए 5 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर इस बात पर टिकी है कि कौन-सी टीम किन खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ती है और किस खिलाड़ी पर सबसे बड़ी बोली लगती है।

इस लीग का आयोजन JSCA और “SJ Up Lift” द्वारा किया जा रहा है। वहीं झारखंडी क्षेत्रीय भाषा में दिया गया लीग का स्लोगन —
“अब शुरू होइ असली खेल, चला झारखंड”
लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह लीग झारखंड क्रिकेट के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है और आने वाले वर्षों में राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएगी।