रांची में महंगाई के खिलाफ झामुमो का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Spread the love

रांची में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला और महानगर इकाई की ओर से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ जिला मुख्यालय के समक्ष विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।


कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य और केंद्रीय सचिव नंदकिशोर मेहता मुख्य रूप से शामिल हुए।


धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो झामुमो चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा।


धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने कहा कि केंद्र की नीतियों से गरीब, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारी, ठेला-खोमचा संचालक और ढाबा व्यवसायी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मांग की कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए।


प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया और आम जनता की समस्याओं को उठाया गया।

Leave a Reply