11 जून को रांची समेत 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

Spread the love

रांची : झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में वज्रपात, तेज हवा और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 10 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा और हजारीबाग को छोड़कर अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा। धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग ने बताया कि रांची और आसपास के क्षेत्रों में 10 और 11 जून को मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। 11 जून को तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा 12 और 13 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

Leave a Reply