
रांची। करम पूजा महोत्सव को धूमधाम और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को केंद्रीय सरना समिति के प्रतिनिधिमंडल ने रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर करम पूजा की तैयारियों को लेकर विभिन्न मांगें रखीं।
समिति ने मांग की कि शहर के प्रत्येक अखाड़े में मिट्टी, मुरूम और डस्ट की व्यवस्था की जाए। साथ ही पानी, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
करम पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समिति ने विशेष इंतजाम करने की मांग की। पूजा के दिन बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग ज्ञापन में शामिल रही। इसके अलावा रांची शहर में आकर्षक विद्युत सज्जा करने की भी मांग की गई।

केंद्रीय सरना समिति ने प्रत्येक अखाड़े में ढोल, नगाड़ा और मांदर उपलब्ध कराने के साथ-साथ चना, गुड़, अरवा चावल और मिट्टी तेल उपलब्ध कराने की मांग रखी। समिति ने लाल पाड़ साड़ी, धोती और गंजी वितरण की मांग भी की।
ज्ञापन में चर्च परिसर में करम डाल गाड़ने पर रोक लगाने की मांग भी की गई। समिति का कहना है कि इससे आदिवासी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने कहा कि करम पूजा आदिवासी समाज का महत्वपूर्ण प्राकृतिक पर्व है और इसके माध्यम से समाज अपनी रूढ़िवादी परंपरा एवं संस्कृति को संरक्षित करता है। उन्होंने प्रशासन से करम पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, रांची उपायुक्त ने समिति की मांगों पर विचार करते हुए उचित मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय सरना समिति के संरक्षक भुवनेश्वर लोहरा, महासचिव संजय तिर्की, वरीय उपाध्यक्ष प्रमोद एक्का, विनय उरांव, सोहन कच्छप, पंचम तिर्की समेत अन्य सदस्य शामिल थे।