JCI एक्सपो उत्सव 2026 में उमड़ा जनसैलाब, 400 स्टॉल्स के साथ 7 अक्टूबर तक चलेगा भव्य व्यापार मेला

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई (Junior Chamber International) की ओर से आयोजित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की भव्य शुरुआत हो चुकी है। एक्सपो के 29वें संस्करण में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय मेले में देश के विभिन्न शहरों से आए व्यवसायियों के करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए जा रहे हैं। यहां बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य उत्पादों की विस्तृत रेंज लोगों के लिए उपलब्ध है।

एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस वर्ष मेले को खास बनाने के लिए कई आकर्षक व्यवस्थाएं की गई हैं। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष पिंक हैंगर बनाया गया है, जहां केवल महिला उद्यमियों के स्टॉल लगाए गए हैं। वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए एम्यूजमेंट पार्क तैयार किया गया है, जिसमें विभिन्न प्रकार के झूले आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

विधायक सीपी सिंह ने किया एक्सपो का भ्रमण

रांची के विधायक सीपी सिंह ने एक्सपो उत्सव का भ्रमण किया और जेसीआई के युवा सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के भव्य आयोजन के लिए कड़ी मेहनत, समर्पण और बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता होती है। जेसीआई के सदस्यों में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। उन्होंने सभी सदस्यों को आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संस्था के पूर्व अध्यक्ष नारायण मुरारका और को-ऑर्डिनेटर्स ने विधायक सीपी सिंह को दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। जीएसटी अधीक्षक संजीव कुमार झा ने भी मेले का भ्रमण कर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

नाइट मार्केट और कार्निवाल बनेगा आकर्षण

एक्सपो उत्सव के तहत 3 अक्टूबर को नाइट मार्केट का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान रात 9 बजे से 12 बजे तक सभी स्टॉल खुले रहेंगे। कार्निवाल थीम पर आधारित इस विशेष आयोजन में जोकर, फायर जगलर और अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

चित्रकला प्रतियोगिता में 150 बच्चों ने लिया हिस्सा

एक्सपो परिसर में 2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 150 बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 4 से 7 वर्ष आयु वर्ग में कीमाया, सीधी सरावगी और प्रगति जैन विजेता रहीं। वहीं, 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग में अरण्या राठौड़, अभिनव कुमार और आदित्य कुमार ने सफलता हासिल की। प्रतियोगिता की संयोजिका जेसीरेट दीपिका माहेश्वरी, जेसीरेट पायल जैन और जेसीरेट श्वेता रूंगटा थीं।

इसके अलावा ट्रेजर हंट प्रतियोगिता में 15 टीमों के कुल 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, तंबोला का भी आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मेले में मनोरंजन के साथ-साथ प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

7 अक्टूबर तक होंगे कई खास कार्यक्रम

एक्सपो उत्सव में हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 3 अक्टूबर को डॉग शो और वॉइस ऑफ एक्सपो, 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग और 7 अक्टूबर को योग प्रतियोगिता एवं बुटीक एक्सपो फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। भजन जैमिंग में बाहर से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इस बार आयोजन को डिजिटल सुविधाओं से भी जोड़ा गया है। आगंतुक क्यूआर कोड के माध्यम से एक्सपो में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और प्रवेश टिकट भी बुक कर सकते हैं।

बड़े ब्रांड्स बने आयोजन के सहयोगी

एक्सपो उत्सव 2026 के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय पार्टनर के रूप में जुड़े हैं। इसके अलावा होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, एनटीपीसी, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम सहित कई ब्रांड्स आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।

जेसीआई के सदस्यों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई के अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, को-ऑर्डिनेटर्स जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, एक्सपो ट्रेजरर जेसी सीए दीपक पटेल, डायरेक्टर बिजनेस जेसी ऋषभ जालान और उपाध्यक्ष बिजनेस जेसी अनिमेश निखिल सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

वहीं, लेडीज विंग की ओर से चेयरमैन एक्सपो जेसीरेट तृष्णा अग्रवाल, अध्यक्ष जेसीरेट खुशबु सिंघानिया और सचिव जेसीरेट नलिनी जैन समेत अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।


एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, एक्सपो उत्सव 2026 व्यापार, मनोरंजन, कला और सामाजिक सहभागिता का एक साझा मंच बनकर उभरा है। 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले में रांचीवासियों को खरीदारी के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply