
रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को नगर निगम की टीम ने शहर के कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने अवैध अतिक्रमण को हटाया।

मोराबादी रजिस्ट्री कार्यालय के पास ऑक्सीजन पार्क और सारनटोली क्षेत्र में 60 से अधिक अस्थायी दुकानें और अवैध संरचनाएं हटाई गईं। इसके बाद सड़क को पूरी तरह खाली कर यातायात सुचारू किया गया।

इसके अलावा रांची कॉलेज के सामने तिरुपति टावर के पास गिफ्ट डीड की भूमि पर बने अवैध ज़ेरॉक्स दुकान को भी हटाया गया। हरमू रोड स्थित शनि मंदिर के पास और भारत माता चौक क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाकर सड़क को व्यवस्थित किया गया।

नगर निगम का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अतिक्रमण के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। अभियान के बाद अब इन इलाकों में यातायात पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है।

नगर निगम ने नागरिकों और दुकानदारों से सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



