रक्षाबंधन पर कलकत्ता पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने पुलिसकर्मियों और चिकित्सकों को बांधी राखी

Spread the love

रांची/ओरमांझी: रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी की छात्राओं ने समाज की सेवा में जुटे पुलिसकर्मियों और चिकित्सकों को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया। छात्राओं ने पुलिस और चिकित्सा सेवा से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।


कलकत्ता पब्लिक स्कूल, रांची की +2 स्तर की छात्राओं की एक टीम ओरमांझी थाना पहुंची। यहां छात्राओं ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनगड़ा, थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक आरक्षी उप निरीक्षक को विधि-विधान से रक्षा सूत्र बांधा और उनका आशीर्वाद लिया।

इस दौरान छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपने परिवार से दूर रहकर आम लोगों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। रक्षाबंधन के मौके पर इन समाज के सजग प्रहरियों को परिवार के बीच होने का अहसास कराने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से यह पहल की गई।


वहीं, छात्राओं की एक अन्य टीम क्यूरेस्टा हॉस्पिटल, रांची पहुंची। यहां छात्राओं ने अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।


इस अवसर पर छात्राओं ने पुलिसकर्मियों और चिकित्सकों को राखी बांधे जाने से संबंधित पेंटिंग्स की प्रतियां भी सम्मानपूर्वक भेंट कीं।


कलकत्ता पब्लिक स्कूल की ओर से कहा गया कि रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व का उद्देश्य केवल पारिवारिक रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सेवा में समर्पित लोगों के प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करना भी है। इसी भावना के साथ छात्राओं ने पुलिसकर्मियों और चिकित्सकों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

Leave a Reply